एटा। थाना मिरहची क्षेत्र के गांव सूरतपुर माफी में 22 मई को घूरे की जमीन को लेकर विवाद हो गया था। मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ कार्रवाई कर दी। आरोप है कि इसके बाद एक पक्ष हावी हो गया और घर में घुसकर हमला कर दिया और एक किशोरी को बाल पकड़कर घसीटते हुए बाहर लाए और जमकर पिटाई की। मामले में शनिवार को सीओ सदर ने जांच के बाद एक और मुकदमा दर्ज कराया है।
शनिवार को दर्ज कराई गई रिपोर्ट में पीड़ित महावीर सिंह पुत्र रामचरन का आरोप है कि गांव के ही प्रमोद पुत्र राजाराम सहित 17 लोगों ने 22 मई को घर में घुसकर लाठी डंडों से हमला कर दिया। आरोपियों ने तमंचों से फायरिंग भी की और बेटी के बाल पकड़ घसीटा और मारपीट की थी। आरोप है कि पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया। इसके बाद सीओ सदर इरफान नासिर खां से फरियाद की गई।
सीओ सदर के आदेश होने के बाद थाना पर मुकदमा दर्ज हो सका है। वहीं प्रभारी निरीक्षक सीताराम सरोज ने बताया है कि घूरे की जमीन को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। इसके बाद दोनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इसके बाद तहरीर लेकर थाना पर कोई नहीं आया और सीओ से सीधे मिल लिए। सीओ सदर के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।