एटा। बेटी के लिए रिश्ता देखकर लौट रहे बाइक सवार पिता-पुत्र सड़क हादसे में घायल हो गए। उपचार के लिए ले जाते समय पिता की मौत हो गई। बेटे का मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में इलाज चल रहा है।
रिजोर थाना क्षेत्र के गांव जार निवासी प्रदीप कुमार ने बताया कि रविवार को पिता रामप्रकाश (65) के साथ बहन के लिए रिश्ता देखने बाइक पर शिकोहाबाद गए थे। वहां से लौटते समय बाकलपुर गांव के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचित किया और घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी पहुंचाया। यहां पर चिकित्सक ने रामप्रकाश को मृत घोषित कर दिया। प्रदीप का उपचार चल रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही अन्य परिजन मेडिकल कॉलेज पहुंचे।