एटा। संपत्ति विवाद में रविवार को पिता और पुत्रों में लाठी-डंडे चल गए। इसमें बुरी तरह घायल एक पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेजा है।
थाना मलावन क्षेत्र के गांव कंगरौल निवासी जयदयाल (40) का शव उसके ही घर के आंगन में पड़ा मिला। पुलिस के मुताबिक वह हमेशा घर में हिस्से को लेकर झगड़ा किया करता था। रविवार को इसी बात को लेकर उसका झगड़ा पिता प्रेम सिंह व भाई संजू से हुआ। हाथापाई के बाद आपस में लाठी-डंडे चल गए। बुरी तरह घायल होने से जयदयाल की मौत हो गई।
मृतक की बहन जूली ने पुलिस का लिखित शिकायत देते हुए बताया कि पिता प्रेमसिंह व भाई संजू से घर के बंटवारे को लेकर जयदयाल का अक्सर विवाद रहता था। रविवार को मैंने लड़ाई शांत कराने का प्रयास किया। पिता की लाठी से जयदयाल के सिर, बाई आंख पर चोट लग गई। वह जमीन पर अचेत होकर गिर गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मौके पर पहुंचकर क्षेत्राधिकारी सकीट कीर्तिका सिंह ने बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि जयदयाल शराब पीने का आदी था। आएदिन घर के बंटवारे का लेकर भाई और पिता से विवाद करता था। उसी विवाद में हाथापाई और लाठी-डंडे चले। सिर में लाठी लगने से जयदयाल की मौत हो गई। जांच और पूछतांछ की जा रही है। जो भी तथ्य निकल कर सामने आएंगे उसके हिसाब से कार्रवाई की जाएगी।