रेल-विस्तार के लिए आंदोलन तेज होता जा रहा है। शुक्रवार को भारतीय किसान यूनियन राष्ट्रवादी ने रेलवे स्टेशन पर धरना-प्रदर्शन किया। शाम चार बजे एटा से टूंडला जाने वाली पैसेंजर ट्रेन रोक कर रेल विस्तार की मांग करते हुए नारेबाजी की। मौके पर पहुंचे एसडीएम सदर सुनील कुमार को रेलमंत्री सुरेश प्रभु के नाम एक ज्ञापन सौंपा गया। आंदोलित लोगों ने करीब बीस मिनट तक ट्रेन को स्टेशन पर ही रोके रखा।
रेल-विस्तार के लिए चल रही मुहिम में कई संगठन एक मंच पर आ गए हैं। शुक्रवार को भाकियू राष्ट्रवादी ने रेलवे स्टेशन पर धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान पालिकाध्यक्ष राकेश गांधी और प्रदेश महासचिव जंट सिंह यादव ने कहा कि 1956 में टूंडला से एटा लिंक लाइन बनी थी। इसका उद्घाटन पूर्व राष्ट्रपति डा.राजेंद्र प्रसाद ने किया था। इसके बाद से जिले के लोग रेल-विस्तार पर टकटकी लगाए बैठे हैं। उन्होंने कहा कि एटा से कासगंज की दूरी 25 किलोमीटर है। इसे नई रेल लाइन बनाकर जोड़ने, एटा से आगरा तक बन चुकी लाइन पर एटा से टूंडला के स्थान पर आगरा तक रेल चलाई जाए। आंदोलन में जुटे कार्यकर्ता आंदोलन को और भी धार देने के मूड में दिखे। शामकरीब चार बजे किसानाें ने एटा से टूंडला जाने वाले ट्रेन रोक कर रेल विस्तार की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी की। ट्रेन रोेके जाने की जानकारी पर पहुंचे एसडीएम सदर सुनील कुमार को किसानाें ने रेल मंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा। इस दौरान ओमप्रकाश, प्रेम चौहान, आरपी सिंह, जयपाल सिंह, मुकेश यादव ,रमेश चंद्र ,रामप्रकाश , शिवदयाल ,पंचम सिंह, गंगा सिंह, महेश चंद्र ,सतेंद्र सिंह, रमेश चंद्र ,सूरतराम ,सुरेंद्र सिंह ,मेघ सिंह समेत कई लोग मौजूद रहे।