सदर तहसील में ज्ञापन देने के दौरान नायब तहसीलदार सुशील राजपूत से वार्ता करते राष्ट्रीय अध्यक्ष
- फोटो : सदर तहसील में ज्ञापन देने के दौरान नायब तहसीलदार सुशील राजपूत से वार्ता करते राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिल संघर्षी।
एटा। अखिल भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले किसानों ने सोमवार को सदर तहसील क्षेत्र में प्रदर्शन किया। खतौनी में अंश निर्धारण की गलतियों, मोहनपुरा मटर मंडी सहित अन्य मुद्दे भी उठाए।
राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिल संघर्षी ने कहा कि खतौनी में अंश निर्धारण करने में राजस्व कर्मियों ने षड़यंत्र के तहत गलतियां की हैं। इन गलतियों के संशोधन के नाम पर किसानों का उत्पीड़न किया जा रहा है। इसे रोककर अंशों का संशोधन कराया जाए। जनपद कासगंज की मोहनपुरा मटर मंडी में किसान के साथ पुलिस ने मारपीट की और किसान के विरुद्ध ही मुकदमा पंजीकृत करा दिया गया। मुकदमे को निरस्त कर दोषी पुलिस कर्मियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए। मंडी में व्यापारियों द्वारा की जा रही तीन प्रतिशत की कटौती को तत्काल रोका जाए।
इसके अलावा राजस्व कर्मियों सहित सभी विभागीय अधिकारी कर्मचारियों की तैनाती गृह मंडल से बाहर करने, प्रदर्शनी में हुए संगठन के कार्यक्रम के प्रचार होर्डिंग चोरी करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने की भी मांग की गई। इसके बाद मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार सुशील राजपूत को सौंपा। राष्ट्रीय महासचिव सुरेंद्र शास्त्री, प्रदेश महासचिव रघुवीर सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. राजपाल सिंह वर्मा, मंडल प्रभारी जदुवीर सिंह, जिलाध्यक्ष पिंकी भैया, जिला उपाध्यक्ष दिनेश पाल सिंह आदि लोग मौजूद रहे।