एटा। थाना मलावन के गांव हाड़ई में बृहस्पतिवार की देर शाम खेत की जुताई करते समय किसान ट्रैक्टर से गिर गया। उसका सिर पहिए के नीचे आकर कुचल गया और मौत हो गई। परिजन ने बताया कि गांव हाड़ई निवासी देवदत्त (42) बृहस्पतिवार की देर शाम अपने खेत की जुताई कर रहा था। धान की पौध के लिए वह अपने ही ट्रैक्टर से खेत को तैयार कर रहा था। उसी समय खेत में ऊंची मेढ़ आ जाने की वजह से वह ट्रैक्टर से नीचे गिर गया। सिर के ऊपर से ट्रैक्टर का पहिया निकल गया। हादसे में उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जिसके बाद घरवाले मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरवाया। थाना प्रभारी नित्यानंद पांडेय ने बताया कि किसान की मौत की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर किसान के शव पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। तहरीर मिलती है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।