एटा। मारहरा थाना क्षेत्र के इनाम नगर गांव में खेत पर धान काट रहे 28 वर्षीय युवक को सांप ने डस लिया। मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में कुछ देर उपचार के बाद उसकी मौत हो गई। परिजन ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
इनाम नगर गांव निवासी लक्ष्मण सिंह ने बताया कि उनका चचेरा भाई धर्मेंद्र कुमार शनिवार शाम करीब छह बजे अपने खेत में धान काट रहा था। इसी दौरान उसे सांप ने डस लिया। सांप के डसने के बाद धर्मेंद्र की हालत बिगड़ने लगी। जानकारी होने पर परिजन उसे तत्काल सीएचसी मारहरा लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी के लिए रेफर कर दिया।
परिजन धर्मेंद्र को लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे जहां इमरजेंसी में करीब 20 मिनट तक उसका उपचार किया गया। इसके बाद युवक ने दम तोड़ दिया। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
मारहरा क्षेत्र के इनाम नगर में शनिवार की शाम को खेत में सर्प ने एक युवक को डस लिया था। उपचार के दौरान मौत होने के बाद उसका पोस्टमार्टम कराया गया है। - संकल्पदीप कुशवाहा, सीओ सदर