एटा में तेज आवाज के साथ बिजली किसान के ऊपर गिरी। वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें मेडिकल काॅलेज की इमरजेंसी ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।
लगातार रुक-रुककर हो रही बरसात के बीच रविवार दोपहर के समय एक खेत में बिजली गिरी। इसकी चपेट में आकर यहां काम कर रहे किसान की मौत हो गई। घटना मलावन थाना क्षेत्र के गांव नगला भूपाल की है। वहीं सकीट कस्बा और छछैना में बरसात के चलते दो मकान धराशायी हो गए।
विज्ञापन
गांव नगला भूपाल निवासी बबलू ने बताया कि पिता धनेश (45) रविवार को दोपहर लगभग 2 बजे खेत में काम कर रहे थे। इस समय बरसात के बीच अचानक से तेज आवाज के साथ बिजली उनके ऊपर गिरी और वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने देखा तो सूचना दी। खेत पर पहुंचकर गंभीर रूप से घायल पिता को एंबुलेंस के माध्यम से मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी लाए। यहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जानकारी होते ही घर में चीख-पुकार मच गई। बबलू ने बताया कि पिता पांच भाइयों में दूसरे नंबर के थे और खेती करके ही परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। सूचना पर पहुंची मलावन पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया है।
बरसात के चलते रविवार को ब्लॉक सकीट के गांव छछैना में सावनश्री के मकान की छत गिर गई। गनीमत रही कि उस समय महिला कमरे के बाहर टिनशेड में बैठी थीं। महिला ने बताया कि वह इसी कमरे में रहकर अपना गुजारा करती थीं। बरसात के चलते छत गिर जाने की वजह से अब टिनशेड में रह रही हैं। बेटा है जो खेती करके किसी तरह से परिवार का गुजारा करता है। पति की कई वर्ष पूर्व मौत हो चुकी है जिसके चलते इस पुराने कमरे में ही रहती थीं। वहीं सकीट कस्बा के मोहल्ला गंज में शानू का कच्ची मकान ढह गया। शानू ने बताया कि दोपहर के समय बारिश में अचानक मकान गिर गया। घर में रखा सामान मलबे में दबने से काफी नुकसान हुआ है।