नोएडा में किसान महापंचायत में जाने के लिए निकलने से पूर्व ही किसान नेता भानु प्रताप सिंह को पुलिस ने घर में नजरबंद कर लिया। सुबह-सुबह ही उनके घर के बाहर पुलिस पहुंच गई।
नोएडा और ग्रेटर नोएडा के पास पॉइंट जीरो पर होने वाली किसान महापंचायत के लिए किसानों को रोका जा रहा है। बड़ी खबर एटा के जलेसर से है, जहां किसानों के बड़े नेता भानु प्रताप सिंह को पुलिस ने घर में ही नजरबंद कर लिया।
विज्ञापन
जलेसर थाना क्षेत्र के नगला सुखदेव स्थित निजी आवास पर पुलिस ने किसान नेता भानु प्रताप सिंह को नजर बंद कर दिया। जलेसर थाना प्रभारी सुधीर कुमार सिंह राघव सुबह चार बजे किसान नेता भानु प्रताप सिंह के आवास पर भारी पुलिस फोर्स के साथ पहुंच गए थे। वे किसान नेता भानु प्रताप सिंह को समझाते रहे।
एटा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्याम नारायण सिंह ने भी किसान नेता भानु प्रताप सिंह से फोन पर वार्ता की, लेकिन वे नोएडा जाने की जिद पर अड़े रहे। इस वजह से उन्हें घर में नजरबंद कर भारी संख्या में पुलिसफोर्स तैनात किया गया है।