एटा। गांव बिचपुरी में खेत की रखवाली कर रहे किसान की सांड़ के हमले में मौत हो गई। घायल किसान को पहले निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर रेफर किया गया। दूसरे अस्पताल में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
निधौली कलां क्षेत्र के गांव बिचपुरी निवासी रिंकू (38) बुधवार शाम मक्का की फसल की रखवाली के लिए खेत पर गए थे। भाई आशीष ने बताया कि इस दौरान सांड़ ने उन पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। शोर सुनकर अन्य किसान मौके पर पहुंचे। परिजन उन्हें लेकर निधौली कलां कस्बे के अस्पताल पहुंचे, जहां उनका उपचार शुरू किया गया। देर रात हालत बिगड़ने पर चिकित्सकों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया। बृहस्पतिवार सुबह करीब साढ़े सात बजे परिजन उन्हें कासगंज रोड स्थित एक अन्य निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।