जलेसर। गांव देवकरनपुर की सहकारी समिति पर सोमवार को जमकर हंगामा और मारपीट हुई। खाद के लिए किसान ने समिति के कर्मचारी को पीट दिया। किसान ने कर्मचारी पर खाद की कालाबाजारी का आरोप लगाया।
देवकरनपुर सहकारी समिति पर सोमवार को डीएपी का वितरण किया जा रहा था। खाद लेने के लिए अल्लैपुर गांव के कमल सिंह यादव भी पहुंचे। इनका समिति के कर्मचारी सुहेल अहमद से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर कमल ने हंगामा करते हुए सुहेल की पिटाई कर दी। लोगों ने बीचबचाव कर मामले को शांत कराया। इसके बाद गुस्साए समिति सचिव कृष्णमुरारी ने डीएपी का वितरण बंद कर दिया। सुहेल ने कोतवाली पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमें लिखा है कि कमल सिंह कई दिन से खाद की अधिक बोरी के लिए दबाव बना रहा था। सोमवार को भी उसने ऐसा किया। मना करने पर हंगामा करते हुए उनकी पिटाई कर दी।
उधर कमल सिंह यादव ने भी थाने में तहरीर दी है। इसमें उसने समिति के सचिव और कर्मचारी पर खाद की कालाबाजारी का आरोप लगाया है। लिखा है कि उनके सामने खाद की 60 बोरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में लादकर बेची गईं जबकि उनको खाद देने से मना कर दिया गया। कमल सिंह ने इसकी शिकायत एसडीएम भावना विमल से भी की है, जिस पर एसडीएम ने जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।