जलेसर। तहसील परिसर में ऑल इंडिया किसान यूनियन ने मासिक पंचायत के साथ ही धरना-प्रदर्शन किया। किसानों की समस्याओं का समाधान न होने पर आक्रोश जताया।
जिलाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह वर्मा ने कहा कि कई बार एसडीएम को किसानों की समस्याओं के ज्ञापन दिए जा चुके हैं, लेकिन समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा है। संगठन के कार्यकर्ताओं तथा पदाधिकारियों सहित किसानों में आक्रोश व्याप्त है। बड़े मियां एवं छोटे मियां की दरगाह एवं शनि मंदिर पर आ रहे चढ़ावे की बंदरबांट को रोकने के लिए किसान नेताओं की निगरानी कमेटी बनाए जाने, चहेतों को लाभ पहुंचाने वाले लेखपालों का स्थानांतरण करने, बिजली की अघोषित कटौती बंद कराने की मांगें रखीं।
उन्होंने कहा कि एक माह के अंदर समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो धरना-प्रदर्शन और आंदोलन किया जाएगा। मांगों का ज्ञापन एसडीएम विपिन कुमार मोरल को दिया। सोबरन सिंह कुशवाह, प्रतिपाल, कमलेश कुमारी, दौजीराम कुशवाह, वीरेंद्र सिंह, यशपाल सिंह राजपूत, राजकुमार सिंह आदि रहे।