जिस पवन पर सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य ने भरोसा जताकर घर की जिम्मेदारी सौंपी थी, वहीं लूटकांड का मास्टर माइंड निकला। पुलिस ने पवन सहित तीन लोगों को गुरुवार सुबह करीब साढ़े सात बजे मालगोदाम से पकड़ लिया। कब्जे से दो तमंचे, पांच कारतूस सहित 10 लाख के जेवरात बरामद किए हैं। नकदी भी मिली है।
थाना प्रभारी ने बताया कि पवन निवासी जगन्नाथपुरी ने अपने साथी आकाश निवासी मुरादाबाद जो अपनी मौसी के पास मोहल्ला जगन्नाथपुरी में रह रहा था, वहंी एक अन्य साथी अरविंद निवासी आगरा के साथ लूट की प्लानिंग बनाई। दोनों के घर पहुंचने पर दरवाजा खोल दिया। पवन ने अपने हाथ-पैर बंधवा लिए। दोनों ने नकदी, जेवरात निकाल लिए। बाद में पूरी तरह लूट दिखाने के उद्देश्य से छोटे भाई अन्नू को भी उठा ले गए। पकड़े गए तीनों लोगों से पुलिस ने 10 लाख के जेवरात तथा 5700 रुपये की नकदी बरामद की है।
पुलिस को बताया कि तीन लोग रातभर घर में जागते रहे और वह सो गया था। बता दें कि बुधवार रात मोहल्ला जगन्नाथपुरी निवासी रिटायर प्रधानाचार्य वीरेंद्र प्रसाद शर्मा के घर से बदमाश लाखों के जेवरात तथा नकदी लूट ले गए थे। पुलिस टीम द्वारा तत्काल खुलासा, माल बरामद करने पर पीड़ित ने राहत की सांस ली, साथ ही नगर प्रभारी व उनकी टीम को पांच हजार रुपये का इनाम देकर सम्मानित किया।