गांधी स्मारक इंटर कॉलेज में मूल्यांकन के कार्य को देखते डीआईओएस डॉ. इंद्रजीत।
- फोटो : गांधी स्मारक इंटर कॉलेज में मूल्यांकन के कार्य को देखते डीआईओएस डॉ. इंद्रजीत।
एटा। यूपी बोर्ड की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन शुक्रवार को तीसरे दिन किया गया। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारियों व अन्य शिक्षकाें ने तीन केंद्रों पर अपनी मांगों को लेकर काली पट्टी बांधकर विरोध जताते हुए मूल्यांकन कार्य किया। शुक्रवार को 42872 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया गया।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ की मांगे लंबे समय से पूरी नहीं हो रहीं हैं। संघ के जिलाध्यक्ष मुकेश शर्मा ने बताया कि लंबे समय से संघ मांगों को रख रहा है, लेकिन यह पूरी नहीं हो रहीं है। शुक्रवार को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, अविनाशी सहाय आर्य इंटर कॉलेज, क्रिश्चियन एग्रीकल्चर इंटर कॉलेज में काली पट्टी बांध विरोध जताया और मूल्यांकन का कार्य भी किया।
शुक्रवार को हाईस्कूल की 21403 व 12वीं की 21469 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 943 शिक्षकों ने किया। केंद्रों पर डीआईओएस डॉ. इंद्रजीत ने व्यवस्थाओं को लेकर निरीक्षण किया। उन्होंने गांधी स्मारक इंटर कॉलेज में मूल्यांकन के बारे में परीक्षकों से जानकारी ली।