गांधी स्मारक इंटर कॉलेज में प्रक्टिकलो के लिए तैयार होती लैब में खड़े शिक्षक ।संवाद
- फोटो : ETAH
एटा। वर्ष 2021 की हाईस्कूल आंतरिक मूल्यांकन एवं इंटरमीडिएट की प्रयोगात्मक परीक्षाएं 13 फरवरी से कराई जाएंगी। इसके लिए डीआईओएस ने समस्त विद्यालय के प्रधानाचार्य को निर्देश जारी कर दिए हैं, वहीं जिले में कई ऐसे विद्यालय हैं यहां अभी तक प्रयोगशाला की व्यवस्था तक नहीं हो पाई है।
डीआईओएस मिथिलेश कुमार ने जिले में संचालित समस्त राजकीय, सहायता प्राप्त, वित्तविहीन, माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्य को निर्देश दिए हैं कि वर्ष 2021 की हाईस्कूल आंतरिक मूल्यांकन एवं इंटरमीडिएट की प्रयोगात्मक परीक्षाओं के आयोजन के लिए समय सारणी जारी कर दी गई है जिसके अंतर्गत द्वितीय चरण में 13 फरवरी से 22 फरवरी तक अलीगढ़ मंडल के समस्त माध्यमिक विद्यालयों में कोविड 19 से बचाव की समस्त गाइडलाइन का पालन करते हुए सोशल डिस्टेंसिंग के साथ परीक्षाएं कराई जाएं। परीक्षाओं की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए परीक्षाएं सीसीटीवी की निगरानी में कराई जाएं। साथ ही रिकॉर्डिंग की भी सुविधा कराई जाए। हाईस्कूल प्रयोगात्मक परीक्षा (आंतरिक मूल्यांकन) नैतिक एवं शारीरिक शिक्षा तथा इंटरमीडिएट खेल एवं शारीरिक शिक्षा के प्राप्तांक प्रधानाचार्य के माध्यम से परिषद की वेबसाइट पर अपलोड किए जाएंगे।
आंतरिक व बाहरी परीक्षक द्वारा दिए जाएंगे अंक
डीआईओएस मिथिलेश कुमार ने बताया कि इंटरमीडिएट की प्रयोगात्मक परीक्षाओं में निर्धारित पूर्णांक में से 50 फीसदी अंक आंतरिक परीक्षक व 50 फीसदी अंक बाहरी परीक्षक द्वारा दिए जाएंगे।
नहीं है प्रयोगशाला की व्यवस्था
अविनाशी सहाय आर्य विद्यालय समेत कई ऐसे विद्यालय हैं जहां अभी तक प्रयोगात्मक परीक्षाओं के लिए प्रयोगशाला तैयार नहीं कराए गए हैं। अविनाशी सहाय आर्य विद्यालय की प्रयोगशाला में ताला पड़ा हुआ है। जब उसे खुलवाने के लिए कहा गया तो प्रधानाचार्य डॉ. अरुण उपाध्याय ने कहा शिक्षक ताला लगाकर बैंक चले गए हैं। बाद में आपको प्रयोगशाला की तैयारियां दिखा दी जाएंगी। इससे पहले भी प्रयोगशाला को देखा गया उस वक्त भी ताला लगा हुआ मिला।