एटा। मोहल्ला नारायण नगर स्थित शिवपुरी में मंदिर के जीर्णोद्धार के नाम पर पांच लाख पचास हजार रुपये की धनराशि का भुगतान कार्यदायी संस्था को कर दिया गया। हालांकि अभी काम अधूरा पड़ा है।
नगर पालिका के वार्ड नंबर बीस का का मोहल्ला है नारायण नगर स्थित शिवपुरी। यहां प्राचीन शिव मंदिर है। इस मंदिर में आसपास के क्षेत्र के लोग बड़ी संख्या में पूजा करते आते हैं। जीर्णशीर्ण हालत में पहुंच चुके मंदिर के जीर्णोद्धार के लिए सभासद सहित अन्य लोगों ने पालिका के अधिकारियों से मांग की थी।
इस पर पालिका ने 14वें वित्त के बजट से मंदिर के जीर्णोद्धार का निर्णय लिया और इस बाबत पांच लाख पचास हजार रुपये का बजट भी पास कर दिया।
करीब आठ माह पूर्व टेंडर में मंदिर के जीर्णोद्धार का ठेका गौरी कंस्ट्रक्शन नाम की फर्म को मिला। फर्म ने मंदिर के जीर्णोद्धार का काम भी शुरू कराया लेकिन छह माह पूर्व काम अधूरा छोड़ दिया।
सभासद दिलीप पचौरी का कहना है कि मंदिर में न तो इंटरलॉकिंग पूरी बिछाई गई है और न ही बाउंड्रीवाल पूरी की गई है। मंदिर में जगह-जगह मलबा पड़ा होने से भक्तों को परेशानी उठानी पड़ रही है। काम पूरा नहीं होने के बावजूद पालिका ने फर्म को कार्य का भुगतान कर दिया।
------------------
आठ माह पूर्व मंदिर के जीर्णोद्धार के लिए नगर पालिका परिषद द्वारा गौरी कंस्ट्रक्शन को ठेका दिया गया था। उसने काम अधूरा छोड़ दिया। छह माह से काम ऐसे ही पड़ा है। हालांकि पालिका के खाते से काम की पूरी धनराशि पांच लाख पचास हजार रुपये निकाल ली गई है। तत्कालीन जेई त्रिलोकी नाथ यादव का जलेसर स्थानांतरण हो चुका है।
दिलीप पचौरी, सभासद वार्ड 20
-------------------
31 जुलाई से पहले मंदिर का जीर्णोद्धार कराया गया था। इसके बाद बारिश होने पर कुछ जगह से इंटरलॉकिंग बैठ गई। हमने बारिश के बाद काम कराने का वादा किया था। अधिकारियों ने कराए गए काम के फोटो के आधार पर भुगतान किया है। ईओ ने फोन कर अधूरे काम के संबंध में निर्देश दिए हैं। मजदूर भेजकर काम पूरा कराया जा रहा है।
अंकित यादव, गौरी कंस्ट्रक्शन
--------------------
वार्ड नंबर बीस के शिवपुरी स्थित मंदिर के अधूरे सौंदर्यीकरण के कार्य की शिकायत सभासद दिलीप पचौरी द्वारा की गई है। मौके पर जाकर निरीक्षण किया है। वस्तुस्थिति देख ठेकेदार को काम जल्द पूर्ण कराए जाने के निर्देश दिए गए हैं।
डा. दीप वार्ष्णेय, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद