जैथरा। कस्बे के मोहल्ला कृष्णगंज में बुधवार की सुबह लकी कश्यप की पत्नी पदमावती की रक्तचाप की समस्या के चलते अचानक मौत हो गई। शाम तक महिला का अंतिम संस्कार हो सका। अंतिम संस्कार करके परिवार एवं रिश्तेदार लौटे तो मकान के सामने खाटूश्याम भजन संध्या के आयोजन की तैयारी होते देख दंग रह गए।
मुरारीलाल कश्यप ने बताया कि वैश्य बहुल बस्ती में कश्यप समाज के गिने चुने परिवार रहते हैं। महिला की मौत पर पड़ोसी अपने प्रतिष्ठान बंद रख शोक जताते हुए अंतिम संस्कार में शामिल हुए लेकिन युवा वर्ग को महिला की मौत से कोई फर्क नहीं था। अवधेश कश्यप सभासद ने बताया कि बुजर्गों के विरोध पर भी वह नहीं माने और लकी के मकान के सामने तक टैंट लगाकर खाटूश्याम भजन संध्या का आयोजन कर जमकर नववर्ष के स्वागत में मौज मस्ती करने लगे।
इस पर शोक में डूबा परिवार काफी व्यथित हुआ। जबकि पहले गांव में किसी के यहां शोक होने पर भागवत कथा या रामलीला तक एक दिन के लिए स्थगित कर दी जाती थी।