अवागढ़ में यूपीआई का विरोध प्रदर्शन करते व्यापारी। स्रोत व्यापारी
अवागढ़। यूपीआई भुगतान पर प्रस्तावित 0.4 प्रतिशत मर्चेंट डिस्काउंट रेट (एमडीआर) चार्ज के विरोध में अवागढ़ व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने प्रदर्शन कर अपना विरोध जताया है। व्यापारियों ने सरकार से इस प्रस्तावित चार्ज को वापस लेने की मांग की है। विरोध स्वरूप, व्यापारियों ने ''नो यूपीआई डे'' मनाते हुए अपनी दुकानों पर लगे क्यूआर कोड स्कैनर को काले कपड़े से ढक दिया।
उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय मंत्री डॉ. संजीव वार्ष्णेय बंटी ने कहा कि यूपीआई डिजिटल भुगतान का एक प्रमुख माध्यम बन चुका है, जिसका छोटे-बड़े व्यापारी और आम लोग रोजमर्रा के लेनदेन में व्यापक रूप से उपयोग कर रहे हैं। ऐसे में यूपीआई भुगतान पर शुल्क लगाए जाने से व्यापारियों के साथ-साथ ग्राहकों पर भी अप्रत्यक्ष रूप से आर्थिक प्रभाव पड़ सकता है। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने कहा कि डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के लिए यूपीआई को एक सरल, सुलभ और कम लागत वाला माध्यम बनाए रखना आवश्यक है। प्रस्तावित एमडीआर चार्ज लागू होने से व्यापारिक लेनदेन की लागत बढ़ने की आशंका है। उन्होंने सरकार से इस प्रस्ताव पर पुनर्विचार कर इसे वापस लेने की मांग की है। इस अवसर पर नगर अध्यक्ष विपिन जैन, कोषाध्यक्ष अनिल चौहान, नगर चेयरमैन प्रवेश चंद्र अग्रवाल, महामंत्री शिव कुमार गुप्ता, विष्णु साईं सहित व्यापार मंडल के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।