सकीट रोड पर हादसे के बाद मौजूद पुलिस। संवाद
एटा। बागवाला थाना क्षेत्र में मंगलवार की शाम लोडर वाहन की चपेट में आने से खेत से लौट रहे किशोर की मौत हो गई। सूचना मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और सड़क पर आवागमन सुचारू कराया।
गांव जीसुखपुर निवासी सुभाष चंद्र ने बताया कि बेटा सोनू उर्फ सनोज मंगलवार की देर शाम खेत में धान की पौध रोपकर बाइक से घर लौट रहा था। उसी समय रास्ते में गांव कीलरमऊ के पास एक लोडर वाहन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। यह देखकर राहगीरों व स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना देते हुए सनोज को एंबुलेंस के माध्यम से मेडिकल कालेज की इमरजेंसी पहुंचाया। यहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गई। परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। बागवाला थाना प्रभारी ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि लोडर वाहन की तलाश की जा रही है। वहीं, जिस स्थान पर यह हादसा हुआ है उसी जगह कुछ दिन पूर्व एक बस और ट्रक की टक्कर में पांच लोगों की जान चली गई थी।