जैथरा में बारिश होने के बाद छाता लेकर सड़क से गुजरते लोग। संवाद
- फोटो : Archive
एटा। जिले में सुबह से दोपहर तक हुई बारिश ने लोगों को उमस और भीषण गर्मी से बड़ी राहत दिलाई। सुबह करीब नौ बजे शुरू हुई बारिश का सिलसिला रुक-रुककर दोपहर 2 बजे तक जारी रहा जबकि आसमान में बादल छाए रहे। बारिश के चलते मौसम पूरी तरह बदल गया और तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। ठंडी हवाओं के साथ मौसम सुहाना हो गया जिससे लोगों ने राहत की सांस ली।
पिछले एक सप्ताह से आसमान में बादलों की आवाजाही बनी हुई थी। बीते तीन दिनों से कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी हो रही थी लेकिन रविवार को मौसम में पूरी तरह बदलाव हुआ। सुबह से चली ठंडी हवाओं के बीच शुरू हुई बारिश ने शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में गर्मी का असर काफी हद तक कम कर दिया। बारिश के कारण शहर के कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। अलीगंज रोड, जीटी रोड, रोडवेज बस स्टैंड के पास पानी भरने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर जलनिकासी व्यवस्था की पोल भी खुल गई। लगातार पड़ रही गर्मी उमस से परेशान बच्चों और युवाओं ने बारिश का भरपूर आनंद लिया। कई लोग बारिश में नहाते दिखे, जबकि बाजारों और सड़कों पर भी मौसम का असर साफ दिखाई दिया। दोपहर बाद तापमान में आई गिरावट के चलते लोगों ने लंबे समय बाद राहत भरा मौसम महसूस किया।
मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस से घटकर 36 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया जबकि न्यूनतम तापमान 32.4 डिग्री से गिरकर 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापमान में आई इस बड़ी गिरावट से पूरे जिले में मौसम सुहावना बना रहा। सकीट, अलीगंज, जैथरा क्षेत्र में भी सुबह से हल्की बारिश शुरू हो गई थी। ग्रामीणों ने बताया कि रिमझिम बारिश से गर्मी से तो राहत मिली, लेकिन खेती के लिए यह बारिश पर्याप्त नहीं है। किसानों का कहना है कि धान की नर्सरी तैयार करने और खेतों में पानी भरने के लिए अभी भी ट्यूबवेल और नहरों पर निर्भर रहना पड़ेगा। कृषि कार्यों के लिए अच्छी और लगातार बारिश का इंतजार बना हुआ है।