अलीगंज। कस्बे के मोहल्ला गंगा दरवाजा की राधा वर्मा शनिवार दोपहर करीब 11.30 बजे घर से कंपिल के अटेना गंगा घाट पर स्नान करने गई थी, जो लापता है। गंगा घाट किनारे महिला का मोबाइल फोन और पूजा का सामान मिलने पर उसके डूबने की आशंका जताई जा रही है।
मोहल्ला गंगा दरवाजा निवासी अनिल वर्मा ने बताया कि उनकी पत्नी घर पर बिना किसी को बताए शनिवार की दोपहर को अटेना गंगा घाट पर गंगा स्नान को गई थी। दोपहर में फोन पर बात होने पर पत्नी राधा ने गंगा स्नान को आने की जानकारी दी थी। राधा ने बताया था कि चिंता न करें वह गंगा स्नान और पूजा करने के बाद घर पहुंच जाएगी। शाम 4.30 बजे फोन पर संपर्क करने पर किसी अन्य व्यक्ति ने बात की, उसने बताया फोन, पूजा का सामान, तुलसी की माला, लड्डू गोपाल की मूर्ति पूजा का पर्चा आदि सामान गंगा घाट किनारे रखा मिला है। इस पर वह अपने बड़े पुत्र कमल के साथ राधा की खोज में अटेना गंगा घाट पहुंच गए। स्टीमर से गोताखोरों ने राधा की खोज की, लेकिन उसका कोई पता नहीं लग सका। राधा के अचानक लापता होने पर परिवार में कोहराम मच गया है, परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन ने पुलिस और प्रशासन से मदद की गुहार की है।