उत्तर प्रदेश के एटा जिले में भाजपा नेता और सभासद के भाई की गोली मारकर हत्या कर दी गई। लाश रेलवे ट्रैक पर पड़ी मिली। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस जांच में जुट गई है।
एटा के मारहरा गेट के सभासद और भाजपा नेता कफील अहमद के भाई हामिद अली उर्फ पप्पू (45) निवासी मारहरा गेट की दो गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। शनिवार देर शाम उनका शव रेलवे स्टेशन के पास पटरी पर पड़ा मिला। जीआरपी थाने में कफील अहमद ने अज्ञात हत्यारों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है।
विज्ञापन
सभासद संघ के अध्यक्ष कफील अहमद ने बताया कि भाई हामिद रोजाना शाम को भोजन के बाद 7-8 बजे टहलने के लिए जाते थे। शनिवार को कुछ जल्दी करीब 6.30 बजे निकल गए। काफी देर बाद जब वह नहीं लौटे तो हम लोग उनके फोन पर लगातार कॉल करते रहे। रात 10.15 बजे जीआरपी का फोन आया कि हामिद की मौत हो गई है, शव मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी में है। इसके बाद हम लोग वहां पहुंचे। उन्होंने बताया कि हामिद प्राॅपर्टी डीलिंग का काम करते थे। उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं थी।
हामिद के सीने और बगल पर एक-एक गोली लगी है। एक गोली फंसी पाई गई है और दूसरी आर-पार निकल गई है। एसएसपी श्याम नारायण सिंह, एएसपी राजकुमार सिंह, एएसपी क्राइम योगेंद्र सिंह, सीओ सिटी राजेश सिंह भी मौके पर पहुंचे और जांच की। फोरेंसिक और डॉग स्क्वॉयड टीम ने मौके से सबूत जुटाए। एसएसपी ने बताया कि गोली मारकर हत्या की गई है। सीसीटीवी कैमरे, मृतक के मोबाइल की सीडीआर और व्हाट्सएप चैट खंगाली जा रही हैं। साइबर सैल, सर्विलांस और स्वाॅट टीम को लगाया गया है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।