एटा। जिले में रहने वाले दिव्यांगजन की समस्याओं के निस्तारण व उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए 29 मई को मोबाइल कोर्ट का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी जिला प्रशासन की ओर से दी गई।
मोबाइल कोर्ट सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक तहसील सदर के सभागार में संचालित होगा। जिसमें राज्य आयुक्त, दिव्यांगजन, उत्तर प्रदेश स्वयं मौजूद रहकर दिव्यांगजनों की समस्याओं की सुनवाई करेंगे। साथ ही विभिन्न विभागों के अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर प्राप्त शिकायतों का समाधान करेंगे। जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी रोहित कुमार ने बताया कि यह पहल दिव्यांगजन को उनके अधिकारों से अवगत कराने व उनके मुद्दों को प्राथमिकता पर हल करने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने जिले के सभी दिव्यांगजन व उनसे जुड़े स्वैच्छिक संगठनों/संस्थाओं से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में निर्धारित तिथि व समय पर उपस्थित होकर अपने मुद्दों का निराकरण कराएं।