मेडिकल कॉलेज के सामान्य वार्ड में भर्ती मरीज। संवाद
एटा। जिले में मलेरिया के मामले दिन प्रतिदिन बढ़ रहे हैं। हर रोज मेडिकल कॉलेज में एक या दो मरीज मलेरिया पीड़ित मिल रहे हैं। मंगलवार को भी मेडिकल कॉलेज में दो लोग मलेरिया पीड़ित मिले, जिन्हें वार्ड में भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है।
मेडिकल कॉलेज के सामान्य वार्ड में भर्ती लक्ष्मी (35) निवासी मानिकपुर ने बताया कि उसे 3 दिन से बुखार आ रहा था। निजी पैथोलॉजी पर मलेरिया की जांच कराई गई तो मलेरिया की पुष्टि हुई। इसके बाद मेडिकल कॉलेज के मेडिसिन विभाग में दवा लेने के लिए पहुंची। यहां चिकित्सकों ने लक्षण के आधार पर मलेरिया की जांच कराई जिसमें मलेरिया की पुष्टि हुई। चिकित्सकों ने सामान्य वार्ड में भर्ती कर उपचार देना शुरू कर दिया है। वहीं, बच्चा वार्ड में भर्ती रम्या (2) निवासी वर्मा नगर के पिता विप्लव ने बताया कि उसे चार दिन से बुखार आ रहा है। दो दिन पहले मेडिकल कॉलेज के बच्चा वार्ड में दवा लेने के लिए आए। दवा देने के बाद भी बच्चे को आराम नहीं मिला। इसके बाद मंगलवार को फिर से मेडिकल कॉलेज में दवा लेने के लिए पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने बच्चा वार्ड में भर्ती कर मलेरिया की जांच कराई जिसमें मलेरिया की पुष्टि हुई। चिकित्सकों ने उपचार देना शुरू कर दिया है।