एटा। जिले में अवैध रूप से संचालित डिजिटल लाइब्रेरी और कोचिंग संस्थानों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए निरीक्षण अभियान शुरू कर दिया है। डीएम के निर्देश पर गठित टीम ने विभिन्न कोचिंग सेंटरों एवं डिजिटल लाइब्रेरी का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान गठित टीम और अग्निशमन विभाग के अलग अलग निरीक्षण में कुल 15 कोचिंग व लाइब्रेरी संचालकों को नोटिस दिया गया।
मंगलवार को टीम ने सिटी लाइब्रेरी हाजीपुरा का निरीक्षण किया। जांच के दौरान लाइब्रेरी का पंजीकरण नहीं पाया गया। वहीं, सुनहरी नगर स्थित श्रीजी लाइब्रेरी आगरा रोड स्थित पार्थ लाइब्रेरी भी बिना पंजीकरण संचालित पाई गई। इन संस्थानों में अध्ययनरत छात्रों के पंजीकरण न होने तक संचालन पर रोक लगाने के निर्देश दिए। इस दौरान टीम ने अन्य जगहों पर भी निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने 12 कोचिंग व लाइब्रेरी संचालकों को नोटिस जारी किया और पंजीकरण कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण टीम में सह जिला विद्यालय निरीक्षक सुजीत कुमार, राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य सुभाष सिंह तथा पटल प्रभारी प्रदीप कुमार वर्मा शामिल हैं।
इन कोचिंग व लाइब्रेरी को दिया गया नोटिसः
निधौली रोड स्थित माधव लाइब्रेरी, रेलवे रोड स्थित मॉडर्न लाइब्रेरी, पीपल अड्डा स्थित हिमालयन लाइब्रेरी, पीएसी रोड स्थित मां सरस्वती लाइब्रेरी, सुनहरी नगर स्थित श्री जी लाइब्रेरी, फफोतू स्थित ज्ञान निकेतन लाइब्रेरी, फफोतू स्थित शिवा लाइब्रेरी, रिजोर स्थित शकुंतला लाइब्रेरी, शिकोहाबाद रोड स्थित मां कृष्णा लाइब्रेरी, सुनहरी नगर स्थित ज्ञान दा लाइब्रेरी, सत्यमेव जयते कोचिंग सेंटर तथा शीतलपुर स्थित ध्येय क्लासेज को नोटिस दिया गया।
अग्निशमन विभाग ने तीन कोचिंग संचालकों को दिए नोटिसः
मंगलवार को अग्निशमन विभाग की ओर से अलग से अवैध कोचिंग व लाइब्रेरी को लेकर निरीक्षण किया गया। एफएसओ जितेंद्र चौरसिया ने बताया कि शहर के शांति नगर में तीन कोचिंग का निरीक्षण किया गया जिसमें दो कोचिंग विद्या एकेडमी और एवरग्रीन क्लासेज बेसमेंट में संचालित मिली। वहीं एक कोचिंग यूपी सिंह में अग्निशमन उपकरण नहीं मिले। इस पर तीनों कोचिंग संचालकों को नोटिस जारी किए गए हैं।
शहर के शांति नगर में कोचिंग का निरीक्षण करते एफएसओ । स्रोत स्वयं