एटा/मारहरा। मारहरा थाना क्षेत्र के गांव खलीलगंज निवासी एक युवक ने पिता से विवाद के बाद फंदा लगाकर जान दे दी। युवक की छह माह पहले ही शादी हुई थी और सोमवार की आधी रात उसने फंदा लगाकर जीवनलीला समाप्त कर ली।
गांव नगला मेंहदी थाना व जिला कासगंज निवासी मिहीलाल ने बताया कि भतीजी हिना का विवाह छह माह पूर्व गांव खलीलगंज निवासी शिवम (21) के साथ किया था। आरोप है कि दामाद के पिता इंद्रजीत अक्सर शिवम और भतीजी हिना के साथ खाना अलग बनाने के संबंध में विवाद करते रहते थे। शिवम अपने परिवार का इकलौता बेटा था। रोज-रोज के विवाद की वजह से वह मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। सोमवार की रात सभी लोग मकान की छत पर सो रहे थे। रात करीब दो बजे शिवम नीचे उतर कर आया और अपने कमरे में जाकर अंदर से बंद कर लिया और साड़ी का फंदा बनाकर पंखे के कुंदे में फंसाकर लटक गया। काफी देर तक जब शिवम नीचे से वापस नहीं आया तो हिना ने आकर देखा कमरा अंदर से बंद है। खिड़की से झांककर देखा तो उसकी चीख निकल गई। शिवम को फंदे से लटका देखकर शोर मचाया तो परिजन व आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। इसके बाद दरवाजा तोड़कर जब तक शिवम को नीचे उतारा, उसकी सांसे थम चुकी थीं।
वर्जन-
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। प्रथम दृष्ट्या मामला खुदकुशी का लग रहा है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण पता लग सकेगा।
संकल्पदीप कुशवाहा, सीओ सदर