अलीगंज। अलीगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत मृतक के नाम फर्जी बैनामे मे मामले में सीओ ने जांच के आदेश दिए हैं। उनकी पत्नी ने जालसाजी कर फर्जी बैनामा करने का आरोप कुछ लोगों पर लगाया है। महिला ने जान से मारने की धमकी और मारपीट का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
कृष्णा देवी पत्नी सुरजपाल निवासी रसीदपुर पोस्ट जैथरा ने बताया कि उनके पति की मृत्यु 18 जनवरी 2023 को हो चुकी है। पति की मृत्यु के बाद उन्होंने और पुत्र ने जमीन को अपने नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन किया। इसी दौरान उन्हें जानकारी मिली कि उनकी जमीन, खाता संख्या 261, गाटा संख्या 72, रकबा 0.5250 हेक्टेयर में दर्ज है। इसे कुछ लोगों ने जालसाजी कर फर्जी तरीके से अपने नाम करा लिया गया है। पीड़िता का आरोप है कि लेखपाल की ओर से गलत ढंग से नामांतरण किया गया। महिला कृष्णा देवी का कहना है कि उन्होंने 12 जुलाई 2023 और 14 सितंबर 2023 को नाम संशोधन के लिए आवेदन किया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
इसके बाद 21 दिसंबर 2024 को जिलाधिकारी को भी शिकायत दी गई, लेकिन वहां से भी कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। पीड़िता के अनुसार, 5 अप्रैल 2026 को जब वह अपने खेत में गेहूं की फसल कटवा रही थीं, तभी कुछ लोग वहां पहुंचे और फसल पर कब्जा करने का प्रयास करने लगे। विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और धमकी दी। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों ने मृतक पति के नाम पर 22 नवंबर 2024 को फर्जी बैनामा तैयार कर लिया है, जो पूरी तरह से अवैध है। इस मामले में सीओ ने थाना प्रभारी को जांच के आदेश दिए हैं।