ईद की तैयारियों को लेकर किदवई नगर स्थित मस्जिद में सजावट करते लोग। संवाद
एटा। बकरीद को लेकर पुलिस प्रशासन व मुस्लिम समाज ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। प्रशासन जहां सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप देने में जुटा है वहीं शहर काजी ने इस बार 28 मई को शहर की दोनों ईदगाह पर अलग अलग समय पर सुबह बकरीद की नमाज अदा कराने का निर्णय लिया है।
शहर काजी मुख्तार अहमद नजमी ने बताया कि जीटी रोड स्थित ईदगाह मुसाफिर खाना में सुबह 8 बजे वहीं ईदगाह पोता नगला पर सुबह 8:30 बजे नमाज शुरू कर दी जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि कुर्बानी खुले में बिल्कुल न करें और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। शहर काजी ने कहा कि कोई भी व्यक्ति सड़कों पर नमाज अदा न करे। इससे आम लोगों को परेशानी होती है। उन्होंने कहा कि सभी लोग ईदगाह या मस्जिदों के अंदर ही नमाज अदा करें और कुर्बानी भी खुले स्थानों पर न करें। मस्जिदों में नमाज की घोषणा के बाद शहर में सभी मस्जिदों की साफ-सफाई व सजावटें शुरू हो गई। आमिर ने बताया कि मस्जिद में रंगील लाइटों से सजावट की जा रही है। अंदर झालरें लगाई जा रही है। ईद को आज से 2 दिन बचे हैं सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।