एटा। आंगनबाड़ी सहायिका भर्ती एक बार फिर विवादों में है। जिले के दो अलग-अलग ब्लॉकों में चयनित दो महिलाओं को बाकायदा नियुक्ति पत्र जारी कर जॉइनिंग कराई गई। एक माह बाद ही उनसे दबाव बनाकर इस्तीफा ले लिया गया है। दोनों पीड़िताओं ने न्यायालय में जाने की बात कही है।
सकीट ब्लॉक के ग्राम छछैना केंद्र पर नियुक्त मंजू राठौर के अनुसार उनका चयन एक माह पहले हुआ था। खाते खुलवाए गए और सभी औपचारिकताएं पूरी करा दी गईं। इसके बाद विभागीय अधिकारियों ने यह कहते हुए नियुक्ति निरस्त कर दी गई कि उनका निवास दूसरी ग्राम पंचायत में है। मंजू के पति उमेश का आरोप है कि यदि पंचायत पर आपत्ति थी तो नियुक्ति पत्र जारी क्यों किया गया? कई दिनों से वह कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला। इसी तरह मारहरा ब्लॉक की सरनऊ के नगला मानधाती की दामिनी पत्नी रवि कुमार को भी करीब 20 दिन पहले नियुक्ति दी गई थी। बाद में अधिकारियों ने यह कहते हुए चयन रद्द किया कि उनके पास इंटरमीडिएट का प्रमाणपत्र नहीं है। आरोप है कि इस मामले में भी दबाव डालकर इस्तीफा लिया गया। दोनों मामलों ने जांच कमेटी की भूमिका पर गहरे सवाल खड़े कर दिए हैं। नियमों के अनुसार आवेदन में त्रुटियां प्रारंभिक जांच में ही सामने आ जानी चाहिए थीं लेकिन यहां पहले चयन और नियुक्ति की गई और खामियां बाद में निकाली गईं।
सीडीओ पर भी हुई थी कार्रवाई
आंगनबाड़ी सहायिका भर्ती पहले से विवादों में रही है। तत्कालीन सीडीओ नागेंद्र नारायण मिश्र इसी मामले में भ्रष्टाचार के आरोप में घिरे थे। भर्ती के नाम पर विभागीय कर्मी से पैसे मांगने का वीडियो वायरल होने पर उनका निलंबन हुआ था।
वर्जन-
दो लोग शिकायत के लिए आए थे। उन्हें जिला कार्यक्रम अधिकारी के कार्यालय पर भेजा गया है। पूरे मामले की जांच कराई जाएगी।
राजेंद्र प्रसाद मिश्रा, मुख्य विकास अधिकारी