एटा में बीए की छात्रा की हत्या के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। सर्विलांस टीम की पड़ताल में आरोपी शिकंजे में लिया। उसकी निशानदेही पर मृतका की घड़ी घटनास्थल से बरामद की गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्याम नारायण सिंह ने शुक्रवर को पुलिस लाइन में बताया कि 18 नवंबर की देर शाम सकीट थाना क्षेत्र के एक गांव में 19 वर्षीय छात्रा घर से गोबर डालने निकली। न लौटने पर परिजन व अन्य लोगों ढूंढ़ा तो गांव के बाहर काक नदी में अर्धनग्न अवस्था में उसका शव मिला। अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पांडेय ने घटना की गंभीरता को देखते हुए सकीट थाना पुलिस सहित 5 टीमों को हत्यारे की तलाश में लगाया। सकीट पुलिस ने बृहस्पतिवार को आरोपी मनोज कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
इसने पूछताछ में अपना गुनाह कबूल किया। बताया कि जब छात्रा गोबर डालने आई तो उसने लकड़ी का गट्ठर उठवाने के बहाने अपने पास बुला लिया और सरसों के खेत में ले जाकर दुष्कर्म किया। छात्रा के विरोध करते हुए शोर मचाने पर गले में पड़े दुपट्टे से फंदा लगाकर हत्या कर दी। आरोपी के साथ हुए संघर्ष के दौरान छात्रा के हाथ में बंधी घड़ी टूटकर वहीं गिर गई थी। उसे आरोपी की निशानदेही पर घटनास्थल पर झाड़ियों के बीच से बरामद किया गया है। आरोपियों ने छात्रा की लाश को ठिकाने लगाया। एसएसपी ने बताया कि घटनास्थल पर सर्विलांस टीम ने उस समय की मोबाइल लोकेशन जांची। मृतका सहित तीन मोबाइल सक्रिय पाए गए। इसके आधार पर आरोपी को पकड़ लिया गया। पुलिस लाइन में एसएसपी के साथ एएसपी, सीओ सकीट कीर्तिका सिंह भी मौजूद रहीं।
टीम को 20 हजार के पुरस्कार की घोषणा
एसएसपी ने बताया कि आरोपी पर पूर्व में एक महिला का अश्लील वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल करने का मुकदमा दर्ज है। उन्होंने बताया कि घटना को अंजाम देने से पहले आरोपी ने युवती के पिता को फोन कर पता कर लिया था कि वह आसपास नहीं हैं। उन्होंने घटना का पर्दाफाश करने वाली पुलिस टीम को 20000 रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।