मृतक दरोगा उदय प्रताप का फाइल फोटो
एटा। जलेसर में अग्निशमन विभाग में तैनात दरोगा की पिलुआ में सुन्ना नहर के पास सड़क हादसे में मौत हो गई। जानकारी मिलते ही परिजन मेडिकल कॉलेज पहुंच गए और हंगामा करने लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजन को समझाकर शांत किया। फिर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
गांव सैलार निवासी उदयप्रताप (59) जलेसर में अग्निशमन विभाग में दरोगा के पद पर तैनात थे। दामाद उपेंद्र कुमार ने बताया कि रविवार को ससुर उदयप्रताप मथुरा में मुख्यमंत्री के दौरे में ड्यूटी करने गए थे। वहां से लौट रहे थे। शाम को छह बजे परिजन से बात हुई थी। इसके लगभग एक घंटे बाद सूचना मिली कि थाना पिलुआ में सुन्ना नहर के पास सड़क हादसे में वह घायल हो गए हैं। पुलिस उन्हें लेकर इमरजेंसी आई है।
जानकारी मिलते ही परिजन मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी पहुंचे। यहां जैसे ही चिकित्सक ने दरोगा को मृत घोषित किया, परिजन हंगामा करने लगे। यह देखकर चिकित्सक व अन्य स्टाफ ने परिजन को शांत कराने का प्रयास किया तो वे अभद्रता करने लगे। यह देखकर वहां मौजूद एक होमगार्ड ने समझाने का प्रयास किया तो उसे पीट दिया। इसके बाद पुलिस ने किसी तरह से परिजन को समझाकर शांत कराया। फिर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
मृतक दरोगा उदय प्रताप का फाइल फोटो