राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान में मैत्री फुटबॉल मैच में विजेता एटा की टीम। स्रोत स्वयं
एटा। जिला फुटबाल संघ के तत्वावधान में फुटबॉल खेल के प्रोत्साहन के लिए तीन मैचों की सद्भावना मैत्री फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें एटा की टीम कासगंज को 3-0 से हराकर विजयी रही।
राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान में प्रथम मैच में जनपद एटा और कासगंज की टीम 0-0 से बराबरी पर रही थी। दूसरे मैच में एटा की टीम 1-0 से विजयी रही। शनिवार को अंतिम मैच आयोजित किया। मैच का प्रारंभ पूर्व जिला फुटबाल संघ के अध्यक्ष देवेंद्र चौधरी ने सभी खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर फुटबॉल में किक मारकर किया। पहले 15 मिनट में मयंक के शानदार गोल से एटा की टीम 1-0 की बढ़त मिली। इसके बाद कासगंज के खिलाड़ी की गलती से अपनी टीम पर गोल किए जाने से एटा की टीम 2-0 से आगे हो गई।
दूसरे हाफ में मयंक ने अपना दूसरा गोल कर टीम की जीत सुनिश्चित करते हुए 3- 0 की अजेय बढ़त दिला दी। सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का स्मृति चिह्न मयंक को प्रदान किया गया। रेफरी की भूमिका मनीष दुबे एवं लाइनमैन का निर्वहन सेवाराम एवं मनोज कोच ने किया। इस अवसर पर संजीव कुमार एआरएम, विशांत कुलश्रेष्ठ, राजीव वर्मा, गिरंद सिंह, सुशील यादव सेलू, अनिल कुमार, शिव कुमार द्विवेदी, प्रभात ललित नोक्स आदि मौजूद रहे।