शिकोहाबाद मार्ग को थ्री-लेन बनाने का रास्ता साफ हो गया है। शासन ने वित्तीय स्वीकृति देते हुए 25 करोड़ रुपये जारी कर दिए हैं। पीडब्लूडी टेंडर प्रक्रिया पूरी कर एक-दो दिन में निर्माण शुरू करा देगा। महीनाें से अधूरे पड़े एटा-सकिंसा मार्ग को भी शासन ने 21 करोड़ रुपये से अधिक की किश्त जारी कर दी है। वहीं मारहारा-पचपेड़ा नगरिया मार्ग के चौड़ीकरण के लिए शासन ने छह करोड़ रुपये की पहली किश्त दी है।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता वहीद बख्श ने बताया कि शिकोहाबाद-एटा 19 किमी लंबे थ्री-लेन मार्ग का निर्माण 63.39 करोड़ रुपये से होगा। इसे शासन ने वित्तीय स्वीकृत देते हुए पहली किश्त 25 करोड़ रुपये जारी कर दी है। टेंडर प्रकिया पूरी हो चुकी है और एक-दो दिन में निर्माण शुरू होगा। एक्सईएन ने बताया कि शासन ने जिले के सबसे लंबे मार्ग 71 किमी के लिए 21.59 करोड़ रुपये की आखिरी किश्त जारी कर दी है। इसे इस महीने में ही पूर्ण कर लिया जाएगा। शासन ने मारहारा-पचपेड़ा-नगरिया 14 किमी लंबे मार्ग के चौड़ीकरण का प्रस्ताव स्वीकृत कर छह करोड़ रुपये की पहली किश्त जारी कर दी है। एक्सईएन ने बताया कि इस मार्ग की चौड़ाई साढ़े पांच मीटर होगी और कुल लागत करीब 15 करोड़ रुपये है।
--------------------
इन मार्गों को इसी महीने वित्तीय स्वीकृति
पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता वहीद बख्श ने बताया एटा-कासगंज फोरलेन मार्ग के 320 करोड़ रुपये के प्रस्ताव को हरी झंडी के बाद जल्द ही वित्तीय स्वीकृति मिलेगी। वहीं एटा-गंजडुंडवारा, अलीगंज-कायमगंज मार्ग के प्रस्ताव को भी वित्तीय स्वीकृति इसी महीने मिलने की संभावना है। उन्होंने कहा कि तीनों प्रस्ताव वित्तीय स्वीकृति के लिए भेजे जा चुके हैं।