एंटी रोमियो दल: एसपी कर रहे आदेश का इंतजार
- फोटो : amar ujala
महिला सुरक्षा को लेकर सूबे की नई सरकार भले एंटी रोमियो दल के गठन की बात कह रही है। कई जिलों में इसका गठन भी हो गया। पर, एटा के कप्तान को इसके लिए लिखित आदेश का इंतजार है। जबकि आए दिन राह चलते छेड़खानी, दुराचार, लूट, छिनैती जैसी घटनाएं हो रही हैं। इसके बाद बाजार, स्कूल-कालेजों के बाहर भी सुरक्षा गार्डों और पुलिस की तैनाती नहीं है।
जिले में महिला उत्पीड़न की घटनाओं में इजाफा हो रहा है। युवतियां, महिलाएं शाम को घर से बाहर निकलने में डरती हैं। योगी सरकार बनी, तो एंटी रोमियो दल बनाने की बात सामने आई, लेकिन अब तक जिले में दल के गठन को लेकर कोई आदेश नहीं आया है। उधर, स्कूल कालेजों के बाहर छेड़छाड़ और मनचलों की फब्तियां छात्राओं के लिए मुसीबत बन रही है। शहर के शांतिनगर स्थित जीजीआईसी के बाहर छुट्टी के दौरान मनचलों का जमावड़ा लग जाता है, लेकिन स्कूल के गेट पर किसी सुरक्षाकर्मी या पुलिस बल की तैनाती नहीं होती। गांधी मार्केट स्थित प्रिटिंस गर्ल्स इंटर कालेज और जीटी रोड लक्ष्मीबाई बालिका इंटर कालेज के बाहर भी आलम कुछ ऐसा ही होता है, लेकिन सुरक्षा प्रबंध नदारद हैं। शहर के गांधी मार्केट, घंटाघर और बाबूगंज में भी छेड़छाड़ की घटनाएं होती हैं, लेकिन फिर भी पुलिस बल सक्रिय नजर नहीं आता। हालांकि इन दिनों यूपी बोर्ड और महाविद्यालयों की परीक्षा के मद्देनजर पुलिस, होमगार्ड्स की ड्यूटी लगने से राहत है। बुधवार को शहर के जीटी रोड स्थित जेएलएन कालेज के बाहर पुलिस ने कालेज बाहर खड़े लड़कों को वहां से खदेड़ा। पुलिसकर्मियों ने बताया कि यह रूटीन कार्रवाई है।
--
एंटी रोमियो दल के गठन को लेकर शासन से कोई आदेश नहीं मिला है। महिला सुरक्षा के लिए पुलिस टीमें काम कर रहीं हैं। शिकायत आने पर प्रकरण में सख्त कार्रवाई होगी।
सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज, एसएसपी एटा