कासगंज में अब परिषदीय विद्यालयों में भी कान्वेंट विद्यालयों की तर्ज पर शिक्षा व्यवस्था लागू होने जा रही है। पहले चरण में दो परिषदीय विद्यालयों को चिह्नित किया गया है। नये शिक्षा सत्र से इन विद्यालयों में बच्चों को अंग्रेजी माध्यम से शिक्षा व्यवस्था दी जाएगी।
आज अंग्रेजी की अनिवार्यता काफी बढ़ गई हैं। ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चे साधन के अभाव में अंग्रेजी माध्यम से शिक्षा ग्रहण नहीं कर पाते, जिससे वे पिछड़ जाते हैं। शासन ने ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित परिषदीय विद्यालयों में भी अंग्रेजी माध्यम से शिक्षा व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है।
पहले चरण में कासगंज विकास क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय सुल्तानपुर और प्राथमिक विद्यालय सतपुरा माफी को अंग्रेजी माध्यम से शिक्षा देने के लिए चयनित किया गया है। यदि प्रयोग सफल रहा तो भविष्य में अन्य विद्यालयों में भी यह व्यवस्था लागू कर दी जाएगी। बेसिक शिक्षा अधिकारी दीवान सिंह ने कहा कि परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक इन विद्यालयों में अंग्रेजी माध्यम से बच्चों को शिक्षा देने के इच्छुक हों वे 17 जनवरी तक अपने आवेदन कार्यालय में जमा कर सकते हैं, जिससे इन विद्यालयों में शिक्षकों की तैनाती सुनिश्चित हो सके। उन्होंने बताया कि नए शिक्षा सत्र से यह व्यवस्था लागू हो जाएगी।