जलेसर। नगला गंगा गांव में मंदिर परिसर की जमीन से अवैध कब्जा हटाने का मामला उलझ गया है। राजस्व विभाग की जांच आख्या में कब्जा हटवाकर शिकायत का निस्तारण करने का दावा किया गया है। जबकि शिकायतकर्ता का आरोप है कि जमीन पर अब भी कब्जा बरकरार है।
नगला गंगा निवासी गणेश कुमार ने बताया कि मंदिर परिसर की जमीन पर कुछ लोगों ने अवैध रूप से कब्जा कर रखा है। इस संबंध में उन्होंने पूर्व में तत्कालीन जिलाधिकारी को प्रार्थनापत्र दिया था।
शिकायत के बाद राजस्व विभाग ने मामले की जांच की। आरोप है कि जांच के दौरान कब्जाधारकों को सात दिन में जमीन खाली करने के निर्देश दिए गए थे लेकिन निर्धारित समय बीतने के बाद भी कब्जा नहीं हटाया गया। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी के एक जून 2026 को जारी पत्र में तहसीलदार जलेसर से जांच कराई गई थी। तहसीलदार ने 16 जुलाई को अपनी जांच आख्या प्रस्तुत की।
इसके मुताबिक राजस्व टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में झोपड़ी हटवाकर शिकायत का निस्तारण कर दिया। आरोप है कि कागजों में कब्जा हटाने की कार्रवाई दर्शा दी गई जबकि मंदिर परिसर की जमीन पर अब भी अतिक्रमण है। उन्होंने डीएम और एसडीएम जलेसर को दोबारा प्रार्थनापत्र देकर जमीन कब्जामुक्त कराने की मांग की है।