गुस्साए रोडवेज कर्मियों ने किया हाईवे जाम
- फोटो : अमर उजाला
रोडवेज कलर की नकली और डग्गामार बस के आगे रोडवेज की अनुबंधित बस खड़ी करना चालक-परिचालक को महंगा पड़ गया। मंगलवार को डग्गामार वाहन संचालकों ने अनुबंधित बस में तोड़फोड़ कर चालक-परिचालक से मारपीट कर दी। इससे गुस्साए रोडवेज कर्मियों ने लामबंद होकर हाईवे पर जाम लगाते हुए हंगामा किया। सूचना पर पहुंचे एसडीएम सदर और पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया।
दरअसल रोडवेज बसअड्डे के आसपास हर वक्त रोडवेज कलर की नकली और डग्गामार बसों का जमावड़ा रहता है। मंगलवार को जैसे ही रोडवेज की अनुबंधित बस डग्गामार वाहन के आगे सवारियां भरने के लिए खड़ी हुई, बस संचालक आक्रोशित हो गए। एआरएम रोडवेज संजीव यादव ने बताया कि कहासुनी के बाद जब अनुबंधित बस नहीं हटी तो डग्गामार वाहन चालक और परिचालक ने साथियों संग मिलकर चालक-परिचालक से हाथापाई की और बस के शीशे तोड़ दिए। इससे गुस्साए रोडवेजकर्मियों ने हाईवे पर जाम लगाते हुए हंगामा कर दिया। डग्गामार वाहन के चालक-परिचालक की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। काफी देर तक हंगामा चला। सूचना पर पहुंचे एसडीएम सदर सुनील वर्मा और पुलिस ने कर्मचारियों को कार्रवाई का आश्वासन देकर 45 मिनट बाद हाईवे जाम खुलवाया, तब तक हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग चुकी थी।
चिंहित नकली बसों पर नहीं कार्रवाई
डीएम अजय कुमार यादव ने एटा में कार्यभार सभालते ही हाईवे जाम से निजात दिलाने और नकली रोडवेज बसों पर लगाम लगाने का आश्वासन दिया था। लेकिन रोडवेज के एआरएम और ट्रैफिक पुलिस ने नकली बस चिंहित करने के बाद कोई कार्रवाई नहीं की। निगम सूत्रों का दावा है कि रोडवेज बसअड्डे के आसपास मंडराने वाले डग्गामार वाहन रोडवेज अधिकारियों और ट्रैफिक पुलिस की मिलीभगत से चल रहे हैं। सोमवार को जब तोड़फोड़ और मारपीट होने पर कर्मचारियों ने लामबंद होकर हंगामा किया तो अधिकारियों के पसीने छूट गए।