मारहरा में आधी की वजह से गिरा खंभा व ट्रांसफार्मर। संवाद
एटा। जिले में रविवार देर रात आई तेज आंधी और बारिश ने व्यापक तबाही मचाई दी। इस दौरान कई पेड़ गिरे, बिजली के 12 खंभे टूट गए और एक बिजली ट्रांसफार्मर भी क्षतिग्रस्त हो गया जिससे शहरी क्षेत्र में 10 घंटे से अधिक विद्युत आपूर्ति बाधित रही।
वहीं शहरी क्षेत्र में 40 से अधिक मोहल्लों में 10 घंटे बिजली गुल रही। शहर के रेलवे रोड और जीटी रोड स्थित मानपुर पर आंधी के कारण पेड़ टूटने से बिजली के खंभे और तार क्षतिग्रस्त हो गए। इससे नगर पालिका फीडर से संबंधित पोषकों की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई।
रात भर घर में लोग गर्मी व मच्छरों से परेशान रहे। नगर पालिका फीडर से संबंधित हिंदू नगर, नेहरू नगर, शिवओमपुरी, किदवई नगर, शीतलपुर, रामेश्वरमपुरम कॉलोनी, नगला भजा समेत करीब 40 से अधिक मोहल्ले विद्युत आपूर्ति से प्रभावित रहे।
वहीं अलीगंज क्षेत्र में तेज आंधी की वजह से करीब 12 से अधिक बिजली के खंभे टूट गए। वहीं 25 केवीए का एक ट्रांसफॉर्मर भी फुंक गया। इससे करीब 10 से अधिक गांव की विद्युत आपूर्ति बाधित रही। सोमवार को विद्युत कर्मी विद्युत व्यवस्था सुधारने में लगे रहे। जर्जर तारों को देर शाम तक बदलते रहे। कर्मचारी लगातार बिजली लाइनों में आए फॉल्ट को ठीक करने और टूटे हुए खंभों को बदलने में लगे रहे।
मारहरा में आधी की वजह से गिरा खंभा व ट्रांसफार्मर। संवाद