एटा। शहर के मोहल्ला संजय नगर में रविवार को इनवर्टर सही करते समय इलेक्टि्रशियन को करंट लग गया। उसको बचाने पहुंचे मकान मालिक शिक्षक भी चपेट में आकर बुरी तरह से झुलस गए। परिजन दोनों को मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, यहां चिकित्सकों ने इलेक्टि्रशियन को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल को आगरा रेफर कर दिया।
कोतवाली नगर के मोहल्ला संजय नगर निवासी मयंक प्रताप सिंह ने बताया कि घर पर इनवर्टर खराब हो गया था। रविवार को पिता सतेंद्र सिंह ने गांव विरामपुर कोतवाली देहात निवासी इलेक्टि्रशियन सुभाष चंद्र (43) को सही करने के लिए बुलाया था। दोपहर करीब साढ़े बारह बजे सुभाष घर पर इनवर्टर सही कर रहे थे। उसी समय उनको करंट लग गया। चीख सुनकर पिता सतेंद्र सिंह बचाने पहुंचे तो उनको भी करंट लगा और चीखने लगे।
चीख-पुकार सुनकर घर के अन्य लोग मौके पर पहुंचे और बिजली के स्विच को बंद किया। तब तक दोनों लोग बुरी तरह से झुलस चुके थे। परिजन उनको मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने सुभाष को मृत घोषित कर दिया। इसके अलावा सतेंद्र सिंह की हालत को नाजुक देखते हुए आगरा रेफर कर दिया। मयंक ने बताया कि पिता सरकारी शिक्षक हैं और रविवार होने के कारण घर पर ही रहकर इनवर्टर सही करा रहे थे, तभी यह दुर्घटना हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।