उत्तर प्रदेश के एटा में कोतवाली नगर थाना के मोहल्ला संजय नगर में बृहस्पतिवार को एसी लगाते समय करंट लगने से इलेक्ट्रीशियन की मौत हो गई। उसके दो छोटे बच्चे हैं। इनको पता नहीं कि पापा अब इस दुनिया में नहीं रहे।
संजय नगर निवासी अमित शर्मा (26) इलेक्ट्रीशियन का काम करके अपनी जीविका चलाता था। मोहल्ले के लोग बिजली से संबंधित काम उससे कराते थे। उनको लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे पड़ोसी नवीन ने बताया कि पीछे वाली गली में कुछ दिन पहले ही केंद्रीय पुलिस बल में तैनात शैलेंद्र उर्फ शैलू का परिवार रहने आया है।
बृहस्पतिवार को उनकी पत्नी ने अमित शर्मा को एसी की फिटिंग के लिए बुलाया। सुबह लगभग 10:30 बजे अमित काम कर रहा था। तभी किसी तरह वह विद्युत करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हम लोग उसको लेकर तुरंत ही मेडिकल कॉलेज पहुंचे। वहां चिकित्सक ने म़ृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को लेकर पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे।
परिजन को हुआ सांस लेने का आभास तो फिर बुलाए चिकित्सक
चिकित्सकों ने अमित को मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। इसके बाद परिजन रोते बिलखते शव को लेकर पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। इस दौरान किसी को आभास हुआ कि अमित की सांस चल रही है। तुरंत ही सूचना चिकित्सकों को दी गई। जानकारी मिलते ही इमरजेंसी में तैनात डॉ. भारद्वाज स्टाफ को लेकर पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचे। पल्समीटर, आला व ईसीजी के माध्यम से फिर से अमित की जांच की गई। मगर जीवन के लक्षण नहीं मिले।