उत्तर प्रदेश के एटा में सोमवार को भैंस चराने गया आठ वर्षीय बालक खेतों के पास गड्ढे के पानी में डूब गया। इससे उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली। खबर मिली तो घर में चीख पुकार मच गई। ग्रामीण परेशान परिजन को ढांढस बंधाते रहे।
घटना मिरहची थाना क्षेत्र के गांव नगला मोती की है। गांव निवासी विमलेश यादव का पुत्र मनमोहन उर्फ़ मुन्नू गांव के पास खेतों पर भैंस चराने ले गया था। शौच क्रिया के दौरान पानी में पैर फिसलने से बालक गड्डे में गिर गया। वहां पहुंचे लोगों ने परिजन को सूचना दी। मौके पर पहुंचकर परिजन ने गांव के लोगों की मदद से बालक को गड्ढे से निकाला।
परिजन उसे लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे। वहां जांच के बाद चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी केके लोधी ने बताया कि प्राप्त तहरीर के अनुसार शौच क्रिया के दौरान पैर फिसलने से बालक गड्डे में गिर पड़ा। जिससे उसकी मौत हो गई। पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया है।