एटा। विकास खंड सकीट कार्यालय का पिछले दिनों परियोजना निदेशक की ओर से औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान आठ कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए, रिपोर्ट सीडीओ को दी गई। इसके बाद कार्रवाई कर वेतन रोका गया है। ब्लॉक सकीट का औचक निरीक्षण 25 मई की सुबह 11:25 बजे परियोजना निदेशक की ओर से किया गया। खंड विकास अधिकारी सकीट फैसल आलम अवकाश पर थे। जबकि उपस्थिति पंजिका का निरीक्षण करने पर पाया गया कि अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी अमरदीप तिवारी, तकनीकी सहायक कमल सिंह, रविंद्र मिश्रा, बदन सिंह, उमेश बाबू, बुद्धपाल के साथ ही कंप्यूटर ऑपरेटर जीशान और राहुल अनुपस्थित थे। इनके बारे में मौजूद कर्मियों से जानकारी चाही गई तो कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया।
इस पूरे मामले की रिपोर्ट सीडीओ को सौंपी गई। इस पर चेतावनी के साथ ही सभी आठ कर्मियों का एक दिन का वेतन रोका गया और उच्चाधिकारियों के बिना निर्देश वेतन नहीं देने और प्रतिकूल प्रविष्टि देने का आदेश दिया गया है। परियोजना निदेशक ने बताया कि विभागीय कार्रवाई के लिए भी पत्राचार किया है। उच्चाधिकारियों के बिना निर्देश वेतन जारी नहीं किया जाएगा।