एटा/ मिरहची/ अलीगंज। हिट एंड रन कानून लागू किए जाने के विरोध में मंगलवार को भी चालकों ने जाम लगाने का प्रयास किया। इसका आंशिक रूप से यातायात पर भी असर पड़ा। इसको लेकर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी दौड़ लगाते रहे। मिरहची में आगरा-बरेली मार्ग पर ट्रक खड़ा करके जाम लगाने का प्रयास किया गया। जबकि अवागढ़ में लालपुर पर भी ऐसा ही हुआ, लेकिन पुलिस ने समय रहते चालकों को समझाकर जाम खुलवाया। सुबह के समय परिवहन निगम की बसों का संचालन नहीं हुआ, लेकिन दोपहर होने से पहले सुचारू हो गया।
एटा-कासगंज मार्ग स्थित कोतवाली मिरहची के पास हाईवे पर मंगलवार की सुबह करीब 8 बजे ट्रक तिरछा खड़ा करके जाम लगाने का चालकों ने प्रयास किया। यहां चालकों ने कानून में संशोधन करने की मांग उठाई। चालकों का कहना था कि नए कानून में 10 साल तक की सजा व सात लाख रुपये के जुर्माने का प्रावधान है, जबकि वाहन चालक को 10 हजार रुपये मिलते हैं। नए कानून से उसका उत्पीड़न बढ़ेगा। हाईवे पर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। जाम लगाने की सूचना पाकर थाना प्रभारी कृष्णकांत लोधी पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे ट्रक चालकों को समझा बूझकर कर जाम खुलवाया। इस दौरान पुलिस ने कई ट्रक चालकों को भी पकड़ कर हिरासत में भी लिया।
वहीं अलीगंज में बड़े और छोटे वाहनों के चालक दूसरे दिन भी हड़ताल पर रहे, जिसके कारण सर्दी में आए सवारियों इधर उधर भटकते रहे। मंगलवार को एटा, फर्रुखाबाद, दिल्ली और आगरा जाने वाले यात्री पूरे दिन इधर-उधर घूमते रहे। वहीं दूसरे शहरों से दवाई लाने वाले मरीजों को काफी दिक्कत हो रही थी।
महेश कुमार ने बताया कि दवाई आगरा से आती है। सराय अगहत से 40 रुपये देकर के बस पकड़ते हैं, लेकिन यहां आने के बाद पता चला हड़ताल चल रही है। कहा सरकार को जल्द समस्या का समाधान करना चाहिए जिससे आम जनता को परेशानी न उठानी पड़े।
शालिनी पांडेय बताती हैं हम होटल में रिसेप्शन में फर्रुखाबाद में कार्य करते है, लेकिन दो दिनों से बस ही नहीं जा रही है और मुझे होटल पहुंचना होता है। ऐसे में मुझे मेरी नौकरी जाने का खतरा है।
-
अनुबंधित बसों का चालकों ने नहीं किया संचालन
मंगलवार की सुबह रोडवेज बसों का संचालन नहीं हो सका, लेकिन अन्य वाहन चलने लगे तो धीरे-धीरे रोडवेज बसें भी निकलनी शुरू हो गईं। सुबह 8 बजे एक दो बस ही चली, लेकिन दिन बढ़ने के साथ ही दोपहर के पहले ही संचालन सुचारू हो गया। अनुबंधित बसों का संचालन होने लगा और यात्रियों की परेशानियांं दूर हुईं। एआरएम राजेश यादव ने बताया कि सुबह आंशिक रूप से बसें चलीं थीं लेकिन दोपहर होने की परिवहन निगम और अनुबंधित बसों का संचालन सुचारू हो गया।