एटा। जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत में स्ट्रीट लाइट लगेंगी। इसका आदेश शासन से आ चुका है। प्रत्येक ग्राम पंचायत में ईईएसएल कंपनी की 100 लाइटें लगाएगी। इसके लिए ग्राम पंचायत द्वारा प्रस्ताव भेजा जाएगा। इससे पहले ग्राम पंचायत में सर्वे भी किया जाएगा।
जिले में कुल 575 ग्राम पंचायतें हैं। इन्हेें वित्त आयोग की धनराशि से ईईएसएल कंपनी की स्ट्रीट लाइट लगाकर जगमग किया जाएगा। इससे पहले जिला पंचायती राज विभाग की ओर से प्रत्येक ग्राम पंचायत में पहले सर्वे कराया जाएगा। जिससे पता लगेगा कि कहां कितनी स्ट्रीट ला इट की आवश्यकता है। लाइट लगाने के लिए सर्वे 10 मार्च तक किया जाएगा। इसके बाद प्रस्ताव ईईएसएल कंपनी को भेजा जाएगा। उसके आधार पर हर ग्राम पंचायत में 100 लाइटें लगाई जाएंगी।
निर्धारित किए गए स्ट्रीट लाइट के दाम:
ग्राम पंचायत में स्ट्रीट लाइट खरीदने के लिए शासन से दाम भी निर्धारित कर दिए गए हैं। 18 वॉट की स्ट्रीट लाइट 3199 रुपये में खरीदी जाएगी। वहीं 24 वॉट की स्ट्रीट लाइट 3385, 35 वॉट की 3482 और 45 वॉट की स्ट्रीट लाइट 3871 रुपये में खरीदी जाएगी। इसमें जीएसटी दर को भी शामिल किया गया है।
प्रत्येक ग्राम पंचायत में ईईएसएल कंपनी की स्ट्रीट लाइट लगाई जाएंगी। इसके लिए वहां 10 मार्च तक सर्वे कराया जाएगा। इसके बाद स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए कंपनी को प्रस्ताव भेजकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- मनोज त्यागी, अपर जिला पंचायत राज अधिकारी