एटा। बृहस्पतिवार को जिले के समस्त शिक्षण संस्थानों में प्रात: 11 बजे से 11:45 बजे के मध्य पढ़े एटा बढ़े एटा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें 14 वर्ष से अधिक आयु के बच्चों ने अपनी रुचि अनुसार एवं प्रेरणादाई पुस्तकों का अध्ययन किया। प्रतिभाग करने वाले छात्र-छात्राओं को विशेष आकृति जैसे पुस्तक, भारत का मानचित्र आदि आकृतियों में बैठा कर पुस्तकों का अध्ययन कराया गया।
पढ़े एटा बढ़े एटा कार्यक्रम के तहत जिले के समस्त राजकीय, सहायता प्राप्त, वित्तविहीन, सीबीएसई, आईसीएसई शिक्षण संस्थानों में छात्र-छात्राओं समेत शिक्षकों ने भी प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं में पढ़ने की रुचि उत्पन्न करना है।
शहर के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं ने भारत के मानचित्र की आकृति में बैठकर पुस्तक का अध्ययन किया। सरस्वती विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल में छात्राओं द्वारा रंगोली सजाई गई व प्रांगण में पुस्तक का अध्ययन कराया गया। सोंगरा स्थित डीएसए एस हायर सेकेंडरी स्कूल में भी रोचक कहानियां, कहावतें आदि का पाठन किया गया।
जिला विद्यालय निरीक्षक मिथिलेश कुमार द्वारा विद्यालयों का निरीक्षण किया गया। वहीं जलेसर में मां गायत्री आर्य कन्या महाविद्यालय में बीए, बीएड व डीएलएड की छात्राओं ने पुस्तकों का पाठन किया। इस दौरान प्राचार्य सोनिया भटनागर, अजीत प्रताप सिंह, सुनीता गुप्ता, कीरत सिंह, सचिन वर्मा, महेश गौतम, राजेश्वर सिंह, सत्य प्रकाश यादव आदि मौजूद रहे।