एटा। जिले में माध्यमिक स्कूल भले ही खुल गए हों पर अभी तक पठन-पाठन सुचारु नहीं हो पाया है। इसकी सबसे बड़ी वजह इन दिनों खेतों में चल रही धान की कटाई है। शिक्षक भी मानते हैं कि अमूमन फसल कटाई के समय छात्रों की संख्या कम हो जाती है, वहीं शहरी क्षेत्र में ट्यूशन पर निर्भर छात्र कॉलेज नहीं आना चाहते हैं। कारण, कॉलेजों में पहले चेप्टर से शुरूआत होगी, जबकि ट्यूशन में आधे से ज्यादा का कोर्स समाप्त हो चुका है।
इंटरमीडिएट कॉलेजों में कक्षा नौ से 12वीं तक की क्लास शुरू हो गई है। चार दिन बीतने के बाद भी छात्र-छात्राओं की संख्या नहीं बढ़ पा रही है। राजकीय इंटर कॉलेज के कार्यवाहक प्रधानाचार्य विशांत कुलश्रेष्ठ ने बताया कि कक्षा नौ में 74 में से 14, दस में 49 में से 6, कक्षा 11 में 154 में से 11 और कक्षा 12वीं में 164 में से 18 छात्र ही पढ़ने पहुंचे। वहीं अकेले निधौलीकलां क्षेत्र की बात करें तो यहां 10 विद्यालयों में से पांच में न तो सुबह की पाली में छात्र आ रहे हैं न दोपहर की पाली में। कुछ अन्य विद्यालयों में छात्र संख्या न के बराबर है। डॉ. जेडएच इस्लामियां इंटर कॉलेज में सुबह की पाली 55, दूसरी पाली में 45 छात्र मौजूद रहे।