एटा। साठ प्रतिशत से अधिक नि:शुल्क पुस्तकें प्राप्त होने के बाद इनका वितरण शुरू हो गया है। चार विकास खंडों में पहुंची किताबों को अब शिक्षकों के माध्यम से बच्चों के घरों तक पहुंचाने की तैयारी है। ताकि बच्चे घर बैठकर ही पढ़ाई कर सकें। बंद स्कूलों के बाद भी जिले के परिषदीय, राजकीय एवं एडिड स्कूलों में कक्षा आठ तक पंजीकृत 1.69 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं को पुस्तक वितरण की तैयारी है।
प्रकाशकों से अभी तक प्राप्त एक लाख से अधिक किताबों व वर्कबुक को अलीगंज, जैथरा, निधौलीकलां एवं शीतलपुर सहित चार विकास खंडों में पहुंचा दिया गया है। अब स्कूल पंजीकृत छात्र-छात्राओं तक इन किताबों को पहुंचाएंगे। ताकि घर बैठे बच्चे किताबों से अपनी पढ़ाई जारी रख सकें। साथ ही ऑनलाइन टीचिंग में भी काम कर सकें। पुस्तक वितरण के लिए अभिभावकों का सहारा लिया जाएगा।
विभिन्न कक्षाओं की एक लाख दस हजार से अधिक किताबें प्राप्त हो गई हैं। ऐसे में साठ हजार किताबें अभी आनी शेष हैं। पुस्तक वितरण प्रभारी राजीव यादव ने बताया कि कक्षा एक व दो की वर्ग बुक के अलावा कक्षा छह की कुछ किताबें आना शेष हैं। शेष कक्षाओं की सभी पुस्तकें मिल गई हैं। परिषदीय स्कूलों के 1.45 लाख बच्चों के अलावा जिले के 24 राजकीय एवं 54 एडिड विद्यालयों में पंजीकृत 24 हजार पांच सौ अधिक बच्चे भी शामिल हैं।