एटा। क्षेत्र में अक्सर जाम के हालात बन जाते हैं। इसका सबसे बड़ा कारण ई-रिक्शा हैं। नगर पालिका और यातायात पुलिस की उदासीनता से इनके रूट तय नहीं हो सके हैं।
ई-रिक्शा की भरमार है। नगरपालिका ने पहले रिक्शों के ऊपर नंबर डालकर रूट तय किए थे। यह योजना कामयाब नहीं हो सकी। इसका सबसे बड़ा कारण कहीं भी स्टैंड का नहीं होना है। शनिवार को भी प्रमुख मार्गों पर जाम के हालात रहे। लोगों को वाहन से ही नहीं पैदल तक निकलने में दिक्कत का सामना करना पड़ा। सबसे अधिक समस्या तब हुई जब विद्यालयों की बसें गुजरी। ई-रिक्शा की वजह से बस स्टैंड और सैनिक पड़ाव के सामने सबसे अधिक जाम लगा।
इन सड़कों पर रहा जाम
जीटी रोड, ठंडी सड़क, कचहरी रोड, अलीगंज रोड, आगरा रोड, रेलवे रोड और निधौली कलां रोड पर सबसे अधिक जाम के हालात रहे।
जाम की समस्या के समाधान के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है। हाल ही में एएसपी ने भी व्यापारियों, परिवहन विभाग के कर्मचारियों व अन्य के साथ मिलकर बैठक की। जल्द ही ई-रिक्शा के लिए रूट प्लान तैयार कर संचालन कराया जाएगा। - अनिल कुमार वर्मा, यातायात प्रभारी