एटा। वीरांगना अवंतीबाई लोधी स्वशासी राज्य मेडिकल कॉलेज में ई-हॉस्पिटल की व्यवस्था लागू होने जा रही है। इसके माध्यम से मरीजों को कंप्यूटराइज्ड पर्चे मिलेंगे। जिस पर संबंधित चिकित्सक का नाम भी दर्ज होगा। जिससे मरीजों को भटकना नहीं पड़ेगा।
मेडिकल कॉलेज ई-हॉस्पिटल सेवा से जुड़ने जा रहा है। इसके बाद केंद्र सरकार के एप मेरा अस्पताल से कनेक्ट किया जाएगा। यह प्रक्रिया डिजिटलाइजेशन हेल्थ मिशन के तहत शुरू होने जा रही है। मरीज स्वयं ही ई-हॉस्पिटल पोर्टल पर अपनी बीमारी के अनुसार दिए गए चिकित्सक को आवेदन करके मिल सकेंगे।
इसके अलावा एकल खिड़की भी होगी, यहां पर भी मरीज सीधे पहुंचकर बीमारी के बारे में बताएंगे और फिर कंप्यूटराइज्ड पर्चा पर पूरा विवरण दर्ज हो जाएगा। बीमारी से संबंधित कौन चिकित्सक हैं, कहां पर मिलेंगे, ऐसी तमाम सुविधाएं मिल सकेंगी। प्रदेश सरकार स्तर से मेडिकल कॉलेज में ई-हॉस्पिटल की सुविधाएं देने के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी है। करीब एक माह में लोगों को मेडिकल कॉलेज में ई-हॉस्पिटल की सेवा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
मेडिकल कॉलेज में ई-हॉस्पिटल सुविधाएं मुहैया कराने के लिए प्रक्रिया शुरू हो गई है। कंप्यूटर और नेटवर्किंग की सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निविदा प्रक्रिया भी हो चुकी है। यह सुविधा जल्द शुरू होगी।
डॉ. नवनीत सिंह चौहान, प्राचार्य मेडिकल कॉलेज