संवाद न्यूज एजेंसी
एटा। रोडवेज बस अड्डे पर शराबियों की हरकतों से यात्री और कर्मचारी परेशान हैं। शराब पीकर पहुंचने वाले लोग यात्रियों से गाली-गलौज और बदसलूकी करते हैं। इससे बसों का इंतजार करने वाले यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ता है।
बस अड्डे पर दिनभर यात्रियों का आवागमन बना रहता है। इनमें महिलाएं, बच्चे और परिवार के साथ सफर करने वाले लोग भी होते हैं। ऐसे में शराब पीकर उत्पात करने वालों की मौजूदगी से यात्रियों को असहज स्थिति का सामना करना पड़ता है। बसों के इंतजार में बैठे यात्रियों के साथ अभद्रता होने से परिसर का माहौल भी खराब होता है।
सोमवार को भी एक शराबी ने सुबह परिसर में आकर गाली-गलौज करना शुरू कर दिया। डिपो के कर्मचारियों ने समझाने का प्रयास किया तो उसने ईंट उठाकर मारने का प्रयास किया। यह देखकर चौकी से पुलिसकर्मियों को बुलाया तब वह उसको पकड़कर ले गए।
यात्री रूपेश कुमार नई बस्ती का कहना है कि रोडवेज बस अड्डा सार्वजनिक स्थान है जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग यात्रा करने पहुंचते हैं। ऐसे में परिसर में शांति और सुरक्षा का माहौल बनाए रखना जरूरी है। गांव असरौली निवासी योगेंद्र का कहना है कि शराब पीकर गाली-गलौज करने और लोगों से बदसलूकी करने वालों पर प्रभावी कार्रवाई होनी चाहिए।